वाराणसी
पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र में स्थित उदय प्रताप कॉलेज में शुक्रवार को दिनदहाड़े बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह (23) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आरोपी मंजीत ने पुरानी रंजिश के चलते छात्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गया।
घायल छात्र को तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फायरिंग की आवाज बम जैसी लगी और आरोपी ने विरोध करने वालों को भी धमकाया।
घटना के बाद आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज गेट बंद कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और जमकर तोड़फोड़ की। छात्रों का आरोप है कि घटना प्रिंसिपल के सामने हुई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया।
छात्र आरोपी की गिरफ्तारी और प्रिंसिपल के इस्तीफे की मांग पर अड़े हुए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





