प्रयागराज
माघ मेला–2026 में मौनी अमावस्या स्नान को लेकर प्रयागराज में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। प्रशासन के अनुमान के मुताबिक इस बार अमावस्या स्नान के लिए 3 से 4 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। भोर से ही बड़ी संख्या में भक्त संगम तट पर स्नान के लिए पहुंचने लगे।
प्रशासन का दावा है कि बीती रात से अब तक करीब 50 लाख श्रद्धालु संगम में स्नान कर चुके हैं, जबकि सुबह 8 बजे तक यह आंकड़ा 1.3 करोड़ तक पहुंच गया। भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए करीब 10 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
जल-थल और नभ से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जल, थल और नभ—तीनों स्तरों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। मेला क्षेत्र के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी खुद मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।
स्नान के बाद श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से मेला क्षेत्र से बाहर निकाला जा रहा है। इसके साथ ही प्रशासनिक अधिकारी भक्तों को सुरक्षा से जुड़े जरूरी दिशा-निर्देश भी लगातार दे रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।







