नई दिल्ली
आम आदमी पार्टी के भीतर सांगठनिक और संसदीय मोर्चे पर हलचल तेज हो गई है। पार्टी ने राज्यसभा में अपने नेतृत्व ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए प्रखर वक्ता और चर्चित सांसद राघव चड्ढा को उपनेता के पद से हटा दिया है।
चड्ढा की जगह अब लुधियाना से सांसद और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के संस्थापक अशोक मित्तल राज्यसभा में पार्टी के उपनेता की जिम्मेदारी संभालेंगे। इस संबंध में पार्टी की ओर से सचिवालय को पत्र भेजकर आधिकारिक जानकारी दे दी गई है, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि आगे से राज्यसभा में उपनेता के तौर पर मित्तल ही जिम्मेदारी निभाएंगे।
राघव चड्ढा को पद से हटाया जाना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। हाल के दिनों में पार्टी के भीतर उनकी सक्रियता और भूमिका को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे थे। इससे पहले भी पार्टी द्वारा जारी स्टार प्रचारकों की सूची से उनका नाम गायब था, जिसने उस समय भी काफी सुर्खियां बटोरी थीं।
अब संसदीय दल में उनके पद में यह बदलाव उसी क्रम की अगली कड़ी के रूप में देखा जा रहा है, जिससे यह संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी के भीतर नेतृत्व स्तर पर पुनर्गठन की प्रक्रिया जारी है।





