लखनऊ
अयोध्या में आयोजित चैत्र रामनवमी मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया है। 24 मार्च दोपहर से 27 मार्च रात तक लखनऊ-अयोध्या मार्ग पर ट्रकों, डीसीएम और अन्य भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
सीतापुर रोड से आने वाले भारी वाहन इन्दौराबाग किसान पथ अंडरपास से होते हुए सुल्तानपुर रोड और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की ओर भेजे जाएंगे। हरदोई रोड से आने वाले वाहन बाजपुर किसान पथ अंडरपास के जरिए वैकल्पिक मार्ग अपनाएंगे। वहीं, आगरा एक्सप्रेस-वे से आने वाले ट्रक खुशहालगंज किसान पथ अंडरपास से डायवर्ट किए जाएंगे।
कानपुर रोड से आने वाले भारी वाहनों को जुनाबगंज मोड़, मोहनलालगंज होते हुए बछरावां और हैदरगढ़ के रास्ते पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की ओर भेजा जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस, स्कूली वाहन, फायर ब्रिगेड और शव वाहनों को विशेष छूट दी गई है। किसी भी आपात स्थिति में यात्री ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं।





