रायबरेली
उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत बीएलओ के रूप में कार्यरत महिला ग्राम सेवक की गांव के ही एक युवक ने घर में घुसकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खेत में जाकर जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक लालगंज के जगतपुर भिचकोरा गांव निवासी 36 वर्षीय सीमा पत्नी राजेन्द्र पासवान शनिवार को अपने घर पर थीं। इसी दौरान गांव का ही 45 वर्षीय राम सुमेर वहां पहुंचा। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। गुस्से में आकर राम सुमेर ने बांके से सीमा के गले पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया और गांव के बाहर एक खेत में जाकर ज़हर खा लिया। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने उसे बेहोश हालत में देखा और सीएचसी लालगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एडिशनल एसपी संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि महिला SIR प्रक्रिया में बीएलओ के रूप में कार्यरत थी। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। दोहरी मौत से गांव में शोक और दहशत का माहौल है।





