महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के लक्ष्मीपुर रेंज अंतर्गत अचलगढ़ बीट के जंगल में बुधवार की देर सायं वन विभाग की टीम ने अवैध लकड़ी कटान के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। जिन्हें बृहस्पतिवार को वनाधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
डिप्टी रेंजर आलोक मिश्रा बुधवार की शाम वनकर्मियों के साथ नियमित गश्त पर थे। गश्त के दौरान अचलगढ़ बीट के अंदरूनी हिस्से से कुछ लोगों की आवाजें सुनाई दीं। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए वन टीम ने चुपचाप आगे बढ़कर घेराबंदी की। मौके पर देखा गया कि कुछ लोग साखू के पेड़ को काटकर उसके बोटा बना रहे थे। वनकर्मियों को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन टीम की सतर्कता के चलते दो लोगों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान वन विभाग की टीम ने पाँच बोटा साखू की लकड़ी, एक बाइक और एक फेंट बरामद किया। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम सहवाज और सफी मोहम्मद बताया। दोनों आरोपी बहोरपुर गांव के निवासी हैं। गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
एसडीओ लक्ष्मीपुर सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मौके से गिरफ्तार दोनों आरोपियों को वनाधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेज दिया गया। आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।





