लखनऊ
लखनऊ–कानपुर हाईवे पर एलिवेटेड एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य के चलते भारी वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी गई है। प्रशासन के अनुसार सरोजनीनगर क्षेत्र में नादरगंज से जुनाबगंज तक तेज़ी से निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके कारण अगले कुछ दिनों तक ट्रक, ट्रेलर और अन्य बड़े वाहनों को इस मार्ग से गुजरने की अनुमति नहीं होगी। यातायात विभाग ने बताया कि निर्माण क्षेत्र में मशीनों की भारी आवाजाही और लगातार चल रहे सिविल वर्क को देखते हुए यह रोक लगाई गई है, ताकि हादसों की संभावना को रोका जा सके और काम भी बाधित न हो।
इन मार्गों पर डायवर्ट किया गया ट्रैफिक –
भारी वाहनों को लखनऊ–कानपुर हाईवे के इस प्रतिबंधित हिस्से से होकर नहीं जाने दिया जाएगा। इसके बजाय उन्हें वैकल्पिक मार्गों—
रायबरेली रोड, —–
फतेहपुर मार्ग,——-
हैदरगढ़ मार्ग ——–
से गुज़रने की सलाह दी गई है।
अधिकारियों का कहना है कि यह व्यवस्था तब तक प्रभावी रहेगी जब तक नादरगंज से जुनाबगंज के बीच एलिवेटेड एक्सप्रेसवे का निर्माण पूरा नहीं हो जाता।
स्थानीय प्रशासन ने ड्राइवरों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें और अनावश्यक भीड़भाड़ या अवैध रूप से प्रतिबंधित हिस्से में प्रवेश करने से बचें, जिससे ट्रैफिक सुचारू बना रहे।



