ललितपुर
जनपद के जाखलौन थाना क्षेत्र अंतर्गत बरखेरा गांव में मंत्री पुत्र की कार से हुए दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
हादसे की सूचना मिलते ही भाजपा विधायक रामरतन कुशवाहा मृतकों के परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर दुख व्यक्त किया और शासन स्तर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। विधायक ने कहा कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। वहीं मंत्री मनोहर लाल पंथ ने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। बताया जा रहा है कि यह हादसा मंत्री मन्नू कोरी के बेटे नरेश पंथ की कार से हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।






