नई दिल्ली
विपक्षी पार्टियां लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रही हैं। समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि विपक्ष का आरोप है कि स्पीकर सदन की कार्यवाही के दौरान पक्षपातपूर्ण रवैया अपना रहे हैं।
विपक्ष ने यह आरोप ऐसे समय में लगाया है, जब उनका कहना है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को संसद में बोलने का अवसर नहीं दिया जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर संसद के दोनों सदनों में बीते कई दिनों से लगातार हंगामा देखने को मिल रहा है और कार्यवाही बार-बार बाधित हो रही है।
सूत्रों के अनुसार, लोकसभा स्पीकर के खिलाफ विपक्ष की नाराजगी बढ़ने की एक और वजह उनका हालिया बयान भी है, जिसे लेकर राजनीतिक गलियारों में खासा विवाद खड़ा हो गया है। विपक्ष का कहना है कि स्पीकर का बयान उनकी निष्पक्षता पर सवाल खड़े करता है। बताया जा रहा है कि विपक्षी दल इस मुद्दे पर आपसी सहमति बनाकर आगे की रणनीति तय कर रहे हैं। यदि अविश्वास प्रस्ताव लाया जाता है, तो यह मौजूदा संसदीय सत्र में राजनीतिक टकराव को और तेज कर सकता है।







