वाराणसी
भेलूपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुंदरपुर सब्जी मंडी के सामने बुधवार को दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। तेज रफ्तार हाइड्रा जेसीबी (बुलडोजर ) ने सड़क किनारे मौजूद आठ साल के मासूम को कुचल दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बच्चे के पिता इरशाद और मौजूद लोग उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर फैलते ही गुस्साए लोग शव को घटनास्थल पर सड़क पर रखकर चक्काजाम कर धरने पर बैठ गए। सड़क पर बैठे परिजनों का करुण क्रंदन हर किसी की आंखें नम कर रहा था। सूचना मिलते ही कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृत बच्चे को गोद में लेकर परिजनों के साथ सड़क पर बैठकर शोक संवेदना जताई। हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। लोगों ने लापरवाह वाहन संचालन पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय व मुआवजे की मांग की।







