महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
लक्ष्मीपुर ब्लॉक सभागार में सोमवार को आयोजित होली मिलन समारोह रंग और उल्लास से सराबोर रहा। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक ऋषि त्रिपाठी तथा ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संतोष पाण्डेय ने बीडीसी सदस्यों, ग्राम प्रधानों और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ पुष्प वर्षा, तिलक और अबीर-गुलाल लगाकर होली खेली। सभागार में फाग गीतों की धुन पर जनप्रतिनिधि झूमते नजर आए और एक-दूसरे को रंग लगाकर शुभकामनाएं दीं।
समारोह की शुरुआत अतिथियों द्वारा उपस्थित जनप्रतिनिधियों का तिलक कर स्वागत से हुई। इसके बाद पूरे हाल में उत्सव का माहौल बन गया। विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि होली आपसी मनमुटाव भुलाकर प्रेम और भाईचारे को मजबूत करने का पर्व है। उन्होंने सभी से शांतिपूर्ण व सुरक्षित ढंग से त्योहार मनाने की अपील की।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संतोष पाण्डेय ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों व ग्राम प्रधानों का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन आपसी समन्वय बढ़ाते हैं और विकास कार्यों को गति देते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ब्लॉक कर्मचारी और स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






