लखनऊ से शार्पदृष्टि की रिपोर्ट
लखनऊ के काकोरी इलाके में शुक्रवार देर रात एक शादी समारोह से दो लड़कों ने एक किशोरी को अगवा कर लिया। घटना के समय घर में शादी का जश्न चल रहा था और तेज आवाज में डीजे बज रहा था।
किशोरी की मां द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार बताया कि रात्रि करीब 11 बजे दोनों किशोरों ने किशोरी को अकेला पाकर उसका अपहरण कर लिया। शोर मचाने पर उन्होंने किशोरी के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इसके बाद दोनों किशोरी को नहर पुलिया के पास सुनसान जगह पर ले गए और बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घर पहुंचने पर किशोरी ने अपने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई।पीड़ित किशोरी की मां के मुताबिक, दोनों आरोपी काफी समय से उनकी बेटी को परेशान कर रहे थे, जिसके लिए उन्हें टोका भी गया था। पुलिस ने किशोरी की मां की तहरीर पर दोनों किशोरों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में FIR दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर काकोरी सतीश राठौर ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक किशोर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है।






