मेरठ
प्रतिष्ठित स्कूल द मिलेनियम से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अनुशासन के नाम पर एक शिक्षक ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। मामूली बात पर गुस्साए पीटीआई शिक्षक ने 9 साल के मासूम छात्र को बेरहमी से पीटा और ऐसा घूंसा मारा कि उसका दांत टूटकर दो फिट दूर जाकर गिरा।
बताया जा रहा है कि कक्षा के दौरान शिक्षक को शक हुआ छात्र दूसरे बच्चे से बात कर रहा है। इसी बात से आगबबूला शिक्षक ने बच्चे पर हमला कर दिया। क्लास में मौजूद अन्य बच्चे शिक्षक की इस क्रूरता को देखकर सहम गए, जबकि पीड़ित बच्चा दर्द से तड़प उठा
स्कूल से छट्टी के बाद जब बच्चा रोता-बिलखता घर पहुंचा, तो उसके चेहरे की हालत और टूटा दांत देखकर परिजन सन्न रह गए। बच्चे से पूरी आपबीती सुनने के बाद परिजन टीपी नगर थाने पहुंचे और आरोपी शिक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत दर्ज कर ली है और बच्चे का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। साथ ही स्कूल प्रशासन और आरोपी शिक्षक से पूछताछ की तैयारी शुरू कर दी गई है।
टीपी नगर थानाध्यक्ष अरुण कुमार मिश्रा ने कहा कि, “शिक्षण संस्थानों में बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है। बच्चे द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और अगर आरोप सही पाए गए तो शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”






