आजमगढ़
जिले के अहरौला थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग बेटे ने अपने 55 वर्षीय पिता पर सातवीं शादी की तैयारी करने का आरोप लगाया है। बेटे ने अहरौला थाने में तहरीर देकर शादी पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है।
पीड़ित बेटे के मुताबिक उसके पिता अब तक छह शादियां कर चुके हैं और अब सातवीं बार दूल्हा बनने की तैयारी कर रहे हैं। उसने बताया कि उसके पिता ने उसकी मां से तीसरी शादी की थी, जिसके बाद भी तीन और शादियां कीं। पिता की छठवीं पत्नी वर्ष 2024 में घर आई थीं, लेकिन जमीन अपने नाम न होने और जेवर न मिलने के कारण कुछ समय बाद घर छोड़कर चली गईं। बेटे ने आरोप लगाया कि उसके पिता सातवीं शादी के लिए बिचौलियों के संपर्क में हैं और शादी का खर्च उठाने के लिए पुश्तैनी जमीन बेचने की कोशिश कर रहे हैं। उसने यह भी बताया कि पिता जमीन के सौदे के तहत किसी व्यक्ति से 50 हजार रुपये एडवांस भी ले चुके हैं।
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान उन्हें यह शिकायत मिली थी। प्रारंभिक जांच में मामला भूमि बंटवारे से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




