Home / राज्य / सामाजिक बुराइयों की बेड़ियों को तोड़ता अनोखा प्रेम विवाह, बुंदेलखंड में बना चर्चा का विषय

सामाजिक बुराइयों की बेड़ियों को तोड़ता अनोखा प्रेम विवाह, बुंदेलखंड में बना चर्चा का विषय

चरखारी (महोबा)

समाज में गहरी जड़ें जमाए पारंपरिक सोच और लैंगिक भेदभाव जैसी सामाजिक बुराइयों को चुनौती देते हुए चरखारी कस्बे से एक अनोखा प्रेम विवाह सामने आया है। यहां रहने वाली हेमा ने अपने प्रेम के लिए न केवल सामाजिक दबावों को नजरअंदाज किया, बल्कि अपनी पहचान बदलकर हेमंत बन गई और अपनी सहेली पूजा के साथ विवाह रचा लिया। यह घटना बुंदेलखंड ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

चरखारी के छोटा रमना मोहल्ले की रहने वाली हेमा (20) बचपन से ही खुद को लड़कों जैसा महसूस करती थीं। परिवार ने भी उसे उसी रूप में पाला। दिल्ली में फल की दुकान चलाने वाली हेमा की मुलाकात करीब तीन साल पहले छतरपुर जिले के चंदला क्षेत्र की पूजा (18) से हुई। दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम में बदली और सामाजिक मान्यताओं की परवाह किए बिना दोनों ने छह अक्टूबर को दिल्ली में कोर्ट मैरिज कर ली।

विवाह के बाद जब दोनों चरखारी पहुंचीं तो ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया गया। हेमा के परिजनों ने पूजा को बहू के रूप में स्वीकार कर समाज को यह संदेश दिया कि रिश्ते प्रेम और आपसी सहमति से बनते हैं, न कि रूढ़ियों से। हालांकि शुरुआत में पूजा के परिवार ने इस रिश्ते का विरोध किया, लेकिन समय के साथ उन्होंने भी इसे स्वीकार कर लिया।

हेमा उर्फ हेमंत का कहना है कि वह भविष्य में जेंडर चेंज सर्जरी कराने का प्रयास करेंगी, लेकिन सर्जरी हो या न हो, वे दोनों जीवन भर साथ रहेंगी। यह कहानी समाज में फैली उस बुराई को उजागर करती है, जहां व्यक्ति को अपनी पहचान और प्रेम चुनने की आज़ादी नहीं दी जाती।

यह अनोखा विवाह एक सवाल भी खड़ा करता है—क्या समाज अब भी व्यक्ति की खुशी से ऊपर अपनी परंपराओं को रखेगा या बदलाव को स्वीकार करेगा? चरखारी की यह घटना सामाजिक बुराइयों के खिलाफ उठती एक मजबूत आवाज बनकर सामने आई है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल