मथुरा
जनपद के नोहझील थाना क्षेत्र के गांव कटेलिया में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। साली से शादी से इनकार किए जाने से नाराज देवर ने अपनी ही भाभी की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश की और फिर खुद भी जान देने का प्रयास किया। फिलहाल आरोपी का इलाज चल रहा है।
रविवार सुबह गांव कटेलिया में दीपक का अपनी भाभी करिश्मा से विवाद हो गया। दीपक अपनी भाभी पर उसकी बहन से शादी कराने का दबाव बना रहा था। करिश्मा द्वारा इनकार करने पर दीपक ने ब्लेड से उसकी गर्दन पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद दीपक ने साक्ष्य छिपाने के लिए ब्लेड को चूल्हे में फेंक दिया और खून से सने गद्दे को धोकर छत पर धूप में सुखाने के लिए डाल दिया। इसके बाद उसने खुद को भी घायल कर लिया।
करिश्मा मूल रूप से आगरा की रहने वाली थी और उसकी शादी चार महीने पहले कल्लू से हुई थी। रविवार को घटना के समय कल्लू और उसके पिता खेत पर गए हुए थे, जबकि घर में केवल करिश्मा और दीपक मौजूद थे।
घटना की जानकारी देते हुए श्लोक कुमार ने बताया कि जिला अस्पताल से महिला और पुरुष के घायल अवस्था में आने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक करिश्मा की मौत हो चुकी थी। जांच के दौरान हत्या में प्रयुक्त ब्लेड और खून से सने गद्दे बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






