महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर की स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं मानकों की जांच के लिए शनिवार को स्टेट लेवल टीम ने निरीक्षण किया। टीम का उद्देश्य शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता और कार्यप्रणाली का मूल्यांकन करना रहा। निरीक्षण के दौरान टीम ने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं की स्थिति, आकस्मिक सेवाओं की व्यवस्था, प्रसव कक्ष की साफ-सफाई एवं उपकरणों की उपलब्धता, दवा गोदाम के रख-रखाव तथा शौचालयों की स्वच्छता का गहन भौतिक सत्यापन किया।
जांच टीम ने अस्पताल के विभिन्न अभिलेखों का भी अवलोकन किया और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता के बारे में जानकारी प्राप्त की। टीम के सदस्यों ने स्वास्थ्य कर्मियों से आवश्यक जानकारी लेकर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के संबंध में सुझाव भी दिए। बताया गया कि यह स्टेट लेवल टीम तीन दिनों तक लक्ष्मीपुर ब्लॉक के अंतर्गत आने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत जांच करेगी और अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी।
निरीक्षण दल में मान बहादुर और उस्मान अली शामिल रहे। उनके साथ अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य कर्मियों ने सहयोग किया। स्टेट टीम के इस निरीक्षण से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस अवसर पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. अरुण गुप्ता, फार्मासिस्ट रामकृष्ण जायसवाल, अदित्य तिवारी, आलम गिरी, विनय पांडेय, पवन पांडेय सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।







