Home / राज्य / सुल्तानपुर में बारूद जैसा धमाका! मकान खंडहर में बदला, 12 घायल

सुल्तानपुर में बारूद जैसा धमाका! मकान खंडहर में बदला, 12 घायल

 

श्रीनरायन गुप्ता

सुल्तानपुर में जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के गंगेव मियागंज गांव में बुधवार सुबह 5.00 बजे तेज धमाके से हड़कंप मच गया। एक पक्का मकान पलभर में खंडहर में तब्दील हो गया, जबकि बगल के तीन मकान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के गांवों तक सुनाई दी। मलबे में दबने से 12 लोग घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को सीएचसी जयसिंहपुर ले जाया गया, जहां से तीन लोगों को मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर किया गया है। मौके पर बारूद की तेज गंध और सुतली बम जैसी वस्तुएं मिलने से विस्फोट का शक और गहरा गया है। फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई है और पुलिस जांच में जुट गई है। स्थानीय निवासी उदयराज के मुताबिक, “सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब मैं टहलने निकला, तभी नजीर अहमद के मकान से तेज धमाका हुआ। आग की लपटें उठीं और पूरा मकान गिर पड़ा। चारों ओर धुआं और चीख-पुकार मच गई।” घायलों में नजीर अहमद, पत्नी जमातुल निशा, बेटे मो. अनीस, नूर मोहम्मद, शाहिल, सोहेल, पुत्रियां सानिया, खुशी और बहू सहाना शामिल हैं। विस्फोट की चपेट में आए अब्दुल हमीद, गुड्डू वर्मा और लक्ष्मी प्रसाद के मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। लक्ष्मी प्रसाद ने बताया कि धमाके लगातार होते रहे, दीवारें दरक गईं और छत गिरने से भारी नुकसान हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल