Home / राज्य / हमारा आंगन हमारे बच्चे” उत्सव समारोह में निपुण बच्चे पुरस्कृत  

हमारा आंगन हमारे बच्चे” उत्सव समारोह में निपुण बच्चे पुरस्कृत  

महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता 

ब्लॉक संसाधन केंद्र परिसर लक्ष्मीपुर में बृहस्पतिवार को “हमारा आंगन हमारे बच्चे” उत्सव समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नौनिहालों को प्रारंभिक शिक्षा से जोड़ना तथा अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर क्षेत्र की विभिन्न न्याय पंचायतों से चयनित निपुण बच्चों को सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया।

खण्ड शिक्षा अधिकारी पिंगल प्रसाद राणा ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों को मजबूत आधार देने के लिए प्री-प्राइमरी शिक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से “हमारा आंगन हमारे बच्चे” उत्सव का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षक और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मिलकर अभिभावकों को जागरूक करें, ताकि हर बच्चा समय से विद्यालय से जुड़ सके और उसकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित हो सके।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, नौनिहाल एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों को नई तकनीकों और आधुनिक तरीकों से शिक्षा देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही अभिभावकों को भी बच्चों की शिक्षा में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान गोष्ठी, पीपीटी प्रस्तुति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों और अभिभावकों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों में बेसिक शिक्षा विभाग और बाल विकास विभाग द्वारा बच्चों को शिक्षा से जोड़ने की पहल पर भी विस्तार से चर्चा की गई। एआरपीसी राकेश कुमार अग्रहरि ने बताया कि तीन से आठ वर्ष की आयु तक के बच्चों के बौद्धिक और मानसिक विकास में परिवार की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। इसलिए अभिभावकों को बच्चों के नामांकन के साथ-साथ उनकी नियमित पढ़ाई और उपस्थिति पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए।

मुख्य सेविका अर्चना शर्मा ने अपने संबोधन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और शिक्षकों के बीच बेहतर तालमेल, सहयोग और समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि दोनों विभाग मिलकर कार्य करेंगे तो बच्चों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलेगी।

कार्यक्रम के अंत में प्रत्येक न्याय पंचायत से पाँच-पाँच निपुण बच्चों को मंच पर बुलाकर प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इससे बच्चों में उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा।

कार्यक्रम का संचालन मनोज दुबे ने किया। इस अवसर पर अर्चना शर्मा, राकेश अग्रहरि, हरिश्चंद्र यादव, रामसेवक यादव, चंद्र प्रकाश, प्रकाश चंद्र, डॉ. देवेंद्र राव, दिनेश यादव, शिवचरण, जयदयाल प्रजापति, करिश्मा श्रीवास्तव, चंदन मिश्रा, अनूप कुमार, जयप्रकाश मौर्य, महिमा चौधरी, प्रगति सिंह, मिथिलेश सिंह सहित कई शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और अभिभावक, बच्चे उपस्थित रहे।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल