संभल की रिपोर्ट
हयातनगर थाना क्षेत्र के सरायतरीन अंतर्गत मुहल्ला भूड़ा में बुधवार सुबह करीब 11 बजे वसीम के हैंडीक्राफ्ट कारखाने में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट से लगी बताई जा रही है। आग लगते ही कारखाने में रखी लकड़ी की सामग्री ने तेजी से आग पकड़ ली। कुछ ही देर में लपटें इतनी भयावह हो गईं कि वहां रखे केमिकल से भरे ड्रमों में धमाके होने लगे। विस्फोट की आवाजें सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही हयातनगर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की तीव्रता को देखते हुए बहजोई, गुन्नौर और चंदौसी से भी दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। करीब आधा दर्जन दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं। एहतियातन आसपास के मकानों को खाली करा लिया गया है ताकि आग फैलने से रोका जा सके। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग लगते ही कारखाने में काम कर रहे मजदूर समय रहते बाहर निकल आए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, आग में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया है। फिलहाल दमकल विभाग के कर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास में जुटे हुए हैं।




