लखनऊ
उत्तर प्रदेश कैडर की 2004 बैच की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अनामिका सिंह ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) के लिए आवेदन कर दिया है। करीब 47 वर्ष की उम्र में उन्होंने यह निर्णय लिया है, जबकि उनकी सामान्य सेवानिवृत्ति वर्ष 2038 में होनी थी। यानी सेवा के अभी लगभग 13 वर्ष शेष थे। इसी कारण उनका यह कदम प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
अनामिका सिंह मूल रूप से फतेहपुर जिले की रहने वाली हैं और अपने दो दशक लंबे करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण भूमिकाएँ निभाई हैं। वे चित्रकूट और उन्नाव की जिलाधिकारी रह चुकी हैं। कुछ समय पहले उन्हें बरेली मंडल का कमिश्नर नियुक्त किए जाने का आदेश भी हुआ था, लेकिन बाद में सरकार ने उस आदेश को बदल दिया।
वर्तमान में अनामिका सिंह उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग में कमिश्नर के पद पर तैनात हैं। अपने 20 वर्षों की प्रशासनिक सेवा में उन्होंने जिला प्रशासन से लेकर नीति आयोग जैसे राष्ट्रीय स्तर के संस्थान तक कार्य किया है और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी भूमिका निभायी।





