श्रावस्ती
जमीन विवाद को लेकर इकौना थाना क्षेत्र के खावा पोखर गांव में पूर्व ग्राम प्रधान शौकत अली (80) और उनकी पत्नी वसीला (60) की हत्या कर दी गई। रविवार सुबह ग्रामीणों ने शौकत अली को घर के अंदर बेसुध हालत में देखा। आवाज देने पर प्रतिक्रिया न मिलने पर लोग अंदर पहुंचे, जहां उनके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले और उनकी मौत हो चुकी थी।
इसके बाद ग्रामीणों ने वसीला की तलाश शुरू की। घर से कुछ ही दूरी पर झाड़ियों में उनका खून से सना शव मिला। उनके शरीर पर भी कई चोटों के निशान थे। घटना की जानकारी पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची व साक्ष्य एकत्र किए। प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है और पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।




