अयोध्या
श्री राम जन्मभूमि मंदिर में आज एक ऐतिहासिक पल जुड़ने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंदिर के शिखर पर भगवा ध्वज फहराएंगे। ध्वजारोहण के लिए चुना गया शुभ मुहूर्त सुबह 11:58 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक का है। 32 मिनट का यह विशेष काल भगवान श्रीराम के जन्म नक्षत्र से जुड़े अभिजीत मुहूर्त के अनुरूप होने के कारण अत्यंत शुभ माना जा रहा है।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी अयोध्या पहुंचने के बाद पहले सरयू नदी में स्नान करेंगे। इसके बाद वे देव पूजा संपन्न कर भगवा ध्वज का ध्वजारोहण करेंगे। समारोह के अंत में पीएम का सार्वजनिक संबोधन भी प्रस्तावित है। इस ध्वज स्थापना कार्यक्रम को लेकर अयोध्या में खास उत्साह देखा जा रहा है, और हजारों श्रद्धालु इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने के लिए पहुंच रहे हैं।





