श्रावस्ती
जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां तीन बेटों ने संपत्ति के लालच में अपने मां-बाप की हत्या कर दी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) राहुल भाटी ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। जांच में मिली सफलता के बाद तीनों आरोपी बेटों और एक अधिवक्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है। घटना इकौना थाना क्षेत्र के खावा पोखर गांव की है। बीते शनिवार घर के बाहर पूर्व प्रधान दंपत्ति का शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई थी। सूचना पर पहुंचे आलाधिकारीयों ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होते ही पुलिस ने शक के आधार पर सौतेले बेटों से पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान ही पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया। एसपी भाटी ने बताया कि रोशन अली और उनकी पत्नी वसीला की संपत्ति और दुकानों पर कब्जा करने के लिए सौतेले बेटे नसीब, हबीब और मुसीबत ने अधिवक्ता प्रभाकर त्रिपाठी उर्फ रिंकू के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी। मौका पाकर तीनों बेटों ने मां-बाप की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।




