गोंडा
गोंडा जिले में वजीरगंज के अनभुला गांव के पास गोंडा-अयोध्या हाईवे पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अयोध्या से गोंडा की ओर आ रही उत्तराखंड परिवहन निगम की बस और कार की आमने-सामने टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, शहर के आवास विकास कॉलोनी निवासी नितिन गोयल की शादी चार दिसंबर को होनी है। रिश्तेदार शादी में शामिल होने के लिए बेंगलुरु से आए थे। रविवार सुबह नितिन कार से अपने रिश्तेदारों को अयोध्या एयरपोर्ट छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान अनभुला गांव के पास सामने से आ रही बस से कार की जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे में कार में सवार सभी छह लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को गोंडा मेडिकल कॉलेज भेजा। डॉक्टरों ने जांच के बाद अक्षत (26), आशु (22) और अक्षत की मां नीता अग्रवाल (58) को मृत घोषित कर दिया। बाकी तीन घायलों का इलाज जारी है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।




