लक्ष्मीपुर से श्रीनरायन गुप्ता
लक्ष्मीपुर ब्लॉक सभागार में सोमवार को आयोजित बैठक में नौतनवा के उप जिलाधिकारी नवीन कुमार ने एसआईआर (विशेष पुनरीक्षण अभियान) की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए एसडीएम ने स्पष्ट रूप से कहा कि वोटर लिस्ट का अद्यतन कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी बीएलओ और सुपरवाइजरों को निर्देश दिया कि एक ही दिन में अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित कार्यों को 100 प्रतिशत पूर्ण करना अनिवार्य है।बैठक में एसडीएम ने सभी कर्मचारियों से क्षेत्रवार प्रगति रिपोर्ट ली और मौके पर ही कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया की नींव है, इसलिए इसकी गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है।
एसडीएम नवीन कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि निर्धारित समयसीमा का पालन न करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।समीक्षा बैठक के दौरान बीएलओ को तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि मतदाताओं से संबंधित जानकारी का सत्यापन, मृतकों एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने समेत सभी कार्य पूरी सावधानी से किए जाएं।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की गलत जानकारी या अधूरी प्रविष्टि भविष्य में समस्याएँ पैदा कर सकती है, इसलिए काम में पारदर्शिता और सतर्कता अत्यंत आवश्यक है।बैठक में खंड विकास अधिकारी मृतुंजय यादव, सुपरवाइजरगण तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कर्मचारियों को टीमवर्क के साथ कार्य करने और समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।




