महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
लक्षमीपुर क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बने अजीत कनौजिया का एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) में चयन होने के बाद ट्रेनिंग पूर्ण कर जब वे अपने पैतृक गांव लौटे, तो उनका जोरदार और भव्य स्वागत किया गया। गांव पहुंचते ही परिजनों, मित्रों और ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और मिठाइयों के साथ उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने अजीत कनौजिया को कंधों पर उठाकर गांव में जुलूस निकाला और “भारत माता की जय” तथा “अजीत कनौजिया जिंदाबाद” के नारों से वातावरण गूंज उठा।
अजीत कनौजिया ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और कठिन परिश्रम को दिया। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर मेहनत से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।
परिजनों ने बताया कि अजीत बचपन से ही देश सेवा का सपना देखते थे और उनकी यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। गांव के गणमान्य लोगों ने भी अजीत कनौजिया को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।







