महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग महराजगंज के लक्ष्मीपुर रेंज अंतर्गत ग्राम पंचायत करैला अजगरहा के टोला भगलापुर में सोमवार की देर सायं उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ग्रामीणों ने आबादी के पास एक विशाल अजगर को देखा। अजगर के दिखते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई और इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही लक्ष्मीपुर रेंज के वनकर्मी मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया। रेंजर वेदप्रकाश शर्मा ने बताया कि अजगर काफी लंबा और स्वस्थ था, लेकिन किसी को कोई नुकसान न पहुंचे, इसके लिए पूरे सतर्कता के साथ उसे पकड़ा गया। वनकर्मियों की टीम ने ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी पर रखा और शांतिपूर्वक अजगर को नियंत्रित किया।
रेस्क्यू के बाद अजगर को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रूप से जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया। रेंजर ने बताया कि बारिश और गर्मी के मौसम में अक्सर वन्य जीव भोजन या ठंडे स्थान की तलाश में आबादी की ओर आ जाते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि ऐसे मामलों में घबराने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना दें और स्वयं किसी प्रकार की छेड़छाड़ न करें।
वन विभाग की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।






