लखनऊ
उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सहयोगी निषाद पार्टी का 13वां संकल्प दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, सुभासपा अध्यक्ष ओपी राजभर समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
इस अवसर पर निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने मछुआ समाज को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि मछुआ समाज किसी का वोट बैंक नहीं है। हम सिर्फ नदी और तालाब में मछली मारना ही नहीं जानते, बल्कि सरकार बनाना और गिराना भी जानते हैं। उन्होंने कहा कि अब मछुआ समाज अपने हक और सम्मान के लिए पूरी मजबूती से खड़ा है।
संजय निषाद ने अपने संघर्ष की शुरुआत को याद करते हुए बताया कि 13 जनवरी 2013 को उन्होंने महाराजा गुहराज निषाद के किले श्रृंगवेरधाम जाकर यह संकल्प लिया था कि मछुआ समाज का शोषण करने वाली सभी सरकारों का अंत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्षों से मछुआ समाज को सिर्फ वोट बैंक समझा गया, लेकिन अब ऐसा नहीं चलेगा।
कार्यक्रम के दौरान संजय निषाद ने फूलन देवी और लोहपुरुष जमुना निषाद की हत्या की सीबीआई जांच कराने की भी मांग की।





