लखनऊ
गूगल मैप की मदद से रास्ता तय करना कई बार जानलेवा साबित हो रहा है। कार और बड़े वाहनों के बाद अब बाइक सवार के साथ भी ऐसा ही एक हादसा सामने आया है। लखनऊ के नगराम थाना क्षेत्र में गूगल मैप के सहारे जा रहा एक युवक सड़क किनारे बने कुएं में गिर गया। गनीमत रही कि समय रहते पुलिस की नजर पड़ गई और युवक की जान बचा ली गई।
यह घटना निगोहां के नगराम क्षेत्र की है। एवीएम कॉलोनी अर्जुनगंज, लखनऊ निवासी रितेश जायसवाल (25) बाइक से चौक लखनऊ से अपने गांव भवानीगढ़, थाना शिवगढ़, जनपद रायबरेली जा रहा था। रास्ते में नगराम खुजौली मार्ग पर अचानक मोड़ आने से उसकी बाइक सड़क से नीचे खेत में बने कुएं की दीवार से टकरा गई। टक्कर के बाद रितेश बाइक से छिटककर सीधे कुएं में जा गिरा। कुएं के चारों ओर कोई मजबूत घेरा न होने के कारण हादसा और गंभीर हो गया।
एसओ नगराम विवेक चौधरी के अनुसार, नगराम पुलिस टीम रात्रि गश्त के दौरान करोरा-नगराम मार्ग पर हसवापुल के पास मौजूद थी। इसी दौरान सड़क किनारे एक लावारिस हालत में खड़ी मोटरसाइकिल दिखाई दी। संदेह होने पर पुलिस ने आसपास देखा तो पास के कुएं से किसी के चीखने की आवाज सुनाई दी। टॉर्च की रोशनी में देखने पर एक युवक कुएं के अंदर गिरा हुआ मिला।
बिना समय गंवाए पुलिस टीम ने रेस्क्यू शुरू किया। संसाधनों के अभाव में पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए अपने मफलर और लोई को आपस में जोड़कर रस्सी की तरह इस्तेमाल किया और उसे कुएं में लटकाया। युवक को हिम्मत बंधाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।





