Home / राज्य / जनगणना 2027, पहला फेज 1 अप्रैल 2026 से, पूरी तरह डिजिटल होगी प्रक्रिया

जनगणना 2027, पहला फेज 1 अप्रैल 2026 से, पूरी तरह डिजिटल होगी प्रक्रिया

नई दिल्ली

केंद्र सरकार ने देश की जनगणना 2027 को लेकर अहम जानकारी साझा की है। केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) ने 8 जनवरी को बताया कि जनगणना 2027 का पहला फेज 1 अप्रैल 2026 से शुरू होकर 30 सितंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश अपने-अपने क्षेत्र में 30 दिनों के भीतर यह काम पूरा करेंगे।

सरकार ने बताया कि घरों की लिस्टिंग शुरू होने से 15 दिन पहले नागरिकों को सेल्फ एन्यूमरेशन यानी खुद से जानकारी भरने का विकल्प भी दिया जाएगा। गौरतलब है कि जनगणना 2021 में होनी थी, लेकिन कोरोना महामारी के कारण इसे टाल दिया गया था, जिसे अब 2027 में पूरा किया जाएगा।

पूरी तरह डिजिटल होगी जनगणना

————————————

इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी। करीब 30 लाख कर्मचारी मोबाइल ऐप के जरिए लोगों से जानकारी जुटाएंगे। मोबाइल ऐप, ऑनलाइन पोर्टल और रियल टाइम डेटा ट्रांसफर के जरिए यह प्रक्रिया लगभग पूरी तरह पेपरलेस होगी। ये ऐप Android और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगे।

आज़ादी के बाद पहली बार जाति जनगणना

——————————————–

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस बार जाति से जुड़ा डेटा भी डिजिटल तरीके से एकत्र किया जाएगा। आज़ादी के बाद पहली बार जनगणना में जाति की गिनती को शामिल किया जा रहा है। इससे पहले अंग्रेजों के शासनकाल में 1931 तक जाति आधारित जनगणना हुई थी।

यह अहम फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली कैबिनेट कमेटी ने अप्रैल महीने में लिया था। पिछली जनगणना 2011 के आंकड़ों के मुताबिक, भारत की आबादी करीब 121 करोड़ थी, जिसमें लगभग 51.5 प्रतिशत पुरुष और 48.5 प्रतिशत महिलाएं थीं।

जनगणना 2027 को देश की सामाजिक-आर्थिक तस्वीर को समझने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल