महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
लक्ष्मीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में बालिका दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सीएचसी के चिकित्सक डा. मनीश सिंह ने किया। इस अवसर पर उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों एवं अन्य प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उन्होंने समाज में बालिकाओं के महत्व पर विस्तार से चर्चा की।
डा. मनीश सिंह ने कहा कि बालिकाएं समाज की रीढ़ हैं और उनके स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने भ्रूण हत्या, बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों पर रोक लगाने और बालिकाओं को समान अवसर प्रदान करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान पूजा सिंह ने कहा कि बालिकाओं के पोषण,टीकाकरण, शिक्षा और सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर भी जानकारी दी गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने आमजन से अपील की कि वे बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच अपनाएं और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहयोग करें।
इस अवसर पर सीएचसी के चिकित्सक,डा रूबीना डा पूनम,बीर भद्र मिश्र सहित नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बालिका सशक्तिकरण को बढ़ावा देना और जागरूकता फैलाना रहा।







