महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
लक्ष्मीपुर कस्बे के मुख्य बाजार मार्ग पर गुरुवार को बीच सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली के कारण घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही। व्यस्त बाजार क्षेत्र में सड़क के बीचों-बीच ट्रॉली खड़ी होने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
सबसे गंभीर स्थिति तब उत्पन्न हुई जब जाम में एक एंबुलेंस फंस गई। एंबुलेंस में मौजूद मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रॉली को बिना किसी अनुमति और लापरवाही से सड़क पर खड़ा कर दिया गया था, जिससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
काफी देर तक ट्रैक्टर-ट्रॉली नहीं हटाए जाने के कारण राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने ट्रॉली हटवाने में मदद की, तब जाकर यातायात सुचारु हो सका।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार क्षेत्र में इस तरह सड़क पर वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।चौकी प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि समय समय पर जांच होती है।ऐसे लोगो को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।







