वाराणसी
उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने मंगलवार को दावा किया कि पंचायत चुनाव अप्रैल से जुलाई के बीच कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव कराने की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं और चुनाव निर्धारित समय पर ही संपन्न होंगे।
मंत्री ओपी राजभर के अनुसार, पंचायत चुनाव के लिए बैलेट पेपर संबंधित जिलों में पहुंच चुके हैं। इसके साथ ही मतदाता सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया भी पूरी होने वाली है। उन्होंने बताया कि पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट 28 फरवरी को जारी कर दी जाएगी।
राजभर ने कहा कि सरकार निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए पूरी तरह से तैयार है। प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक इंतजाम किए जा चुके हैं, ताकि चुनाव प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
गौरतलब है कि पंचायत चुनाव को लेकर लंबे समय से अटकलें लगाई जा रही थीं। मंत्री के इस बयान के बाद चुनाव की संभावित समय-सीमा लगभग साफ हो गई है।






