श्रावस्ती
हरदत्त नगर गिरन्ट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत उल्लाहवा स्थित भजोरे पुरवा गांव में रविवार रात बदमाशों ने लूट के इरादे से घर में घुसकर एक बुजुर्ग की नृशंस हत्या कर दी। बदमाशों ने गृहस्वामी के बेटे पर भी धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया और नकदी व जेवर लेकर फरार हो गए।
भजोरे पुरवा निवासी नेमराज पाठक रविवार रात अपने घर के बरामदे में सो रहे थे, जबकि उनका बेटा सुनील और बहू लक्ष्मी बगल के कमरे में थे। रात करीब डेढ़ बजे दीवार फांदकर घर में घुसे बदमाशों ने बरामदे में सो रहे नेमराज पाठक का मुंह दबा दिया। उनकी आवाज सुनकर बेटा सुनील बाहर आया तो बदमाशों ने उसके सिर पर चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद उसे बंधक बनाकर दूसरे कमरे में बंद कर दिया गया। घटना के दौरान बहू लक्ष्मी कमरे में बेड के नीचे छिप गई।
बदमाशों के चले जाने के बाद जब लक्ष्मी बाहर निकली तो देखा कि नेमराज पाठक बिस्तर पर मृत पड़े थे। उनके हाथ पीछे से बंधे थे और पेट के बाईं ओर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। बदमाश घर में रखी नकदी और जेवर भी उठा ले गए।
सूचना पर रात करीब दो बजे हरदत्तनगर गिरन्ट थाने के प्रभारी निरीक्षक महिमा नाथ उपाध्याय पुलिस और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और साक्ष्य एकत्र किए। सुबह करीब छह बजे पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी और क्षेत्राधिकारी सतीश चंद्र शर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बदमाशों की तलाश की जा रही है।





