Home / राजनीत / BJP के पूर्व चेयरमैन पर गुंडा एक्ट से बवाल, दो पुलिसकर्मी सस्पेंड  

BJP के पूर्व चेयरमैन पर गुंडा एक्ट से बवाल, दो पुलिसकर्मी सस्पेंड  

 

बुलंदशहर

जिले में भाजपा के पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन और मौजूदा समय में यूपी सरकार से नामित सभासद राजकुमार लोधी पर पुलिस की ओर से गुंडा एक्ट लगाए जाने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई। कार्रवाई की जानकारी सामने आने पर सांसद, जिलाध्यक्ष समेत भाजपा के कई बड़े नेताओं ने पुलिस की कार्रवाई पर कड़ी आपत्ति जताई। इसके बाद थाना स्तर पर तैनात दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि थानेदार से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

बताया जा रहा है कि राजकुमार लोधी की इलाके के भाजपा विधायक से लंबे समय से राजनीतिक अदावत है। दोनों ही भाजपा से जुड़े हैं, लेकिन उनके बीच मतभेद बताए जाते हैं। आरोप है कि इसी राजनीतिक खींचतान के बीच विधायक के प्रभाव में पुलिस ने पूर्व चेयरमैन के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई कर दी।

खास बात यह रही कि जिले के कई भाजपा नेता इस कार्रवाई से अनजान रहे। मामला सामने आने के बाद सांसद और जिलाध्यक्ष समेत पार्टी के अन्य नेताओं ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। नेताओं के विरोध के बाद पुलिस अब बैकफुट पर नजर आ रही है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इसमें यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि राजकुमार लोधी के खिलाफ गुंडा एक्ट लगाने का आधार क्या था और थाना पुलिस ने किन परिस्थितियों में यह कार्रवाई की। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं कार्रवाई किसी राजनीतिक दबाव या प्रभाव में तो नहीं की गई।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल