लक्ष्मीपुर महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
थाना पुरन्दरपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत मानिकतलाव के टोला धनहिया निवासी पंचम यादव (45 वर्ष) का सोमवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से निधन हो गया। वह प्राथमिक विद्यालय मानिकतलाव में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि सोमवार की शाम करीब 4 बजे पंचम यादव गांव से सटे सब्जी के खेत में गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हुआ और आकाशीय बिजली गिरने से वह उसकी चपेट में आ गए। बिजली गिरने के बाद वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। पंचम यादव के आकस्मिक निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, उनके निधन की जानकारी मिलने के बाद प्राथमिक विद्यालय मानिकतलाव के शिक्षक-शिक्षिकाओं और ग्रामीणों में भी शोक व्याप्त है।
ग्रामीणों के अनुसार पंचम यादव सरल एवं मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे और लंबे समय से विद्यालय में शिक्षामित्र के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनके निधन को गांव के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।






