मथुरा
कोसीकलां थाना क्षेत्र के सराफा बाजार में चोरों ने एक प्रसिद्ध सराफा प्रतिष्ठान को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये की चोरी कर ली। चोर ‘जुगल किशोर अमित कुमार सराफ’ दुकान से करीब 10 किलोग्राम सोने के आभूषण और 15 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। सोमवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे स्वामी को चोरी की जानकारी हुई तो बाजार में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने वारदात के तरीके और चोरों के आने-जाने के रास्ते की भी जांच शुरू कर दी है।
करोड़ों की चोरी से आक्रोशित सराफा व्यापारियों ने विरोध में अपनी दुकानें बंद कर दीं। व्यापारियों ने बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की।
एसएसपी श्लोक कुमार के निर्देश पर पीड़ित व्यापारी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चोरों की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के लिए पुलिस की चार विशेष टीमें गठित की गई हैं। टीमें आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं।





