भोपाल
मध्य प्रदेश में आईएएस संतोष वर्मा का विवाद अभी शांत भी नहीं हुआ था कि एक और प्रशासनिक अधिकारी के बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। 2013 बैच की आईएएस अधिकारी मीनाक्षी सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने अजाक्स (AJAKS) के एक सम्मेलन के दौरान कथित तौर पर कहा कि “आज के समय में हमें जातिवादी होना ही होगा।” इसी क्रम में उन्होंने सवर्ण समाज पर भी टिप्पणी की। बयान के सामने आने के बाद सवर्ण समाज में नाराजगी देखी जा रही है और बयान की कड़ी आलोचना के साथ मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर प्रदर्शन किया जा रहा है।
मीनाक्षी के बयान का अभी एक ही भाग का वीडियो वायरल हुआ। जिसमें मीनाक्षी सिंह यह भी कहती नजर आ रही हैं कि समाज के लोगों को अपने बच्चों को यह बताना चाहिए कि वे आदिवासी समाज से हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी उनकी पोस्टिंग होती है, वहां आदिवासी समाज के लोग उनसे मिलने में संकोच करते हैं। वे बड़े पद पर होने के कारण दूरी बना लेते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि भोपाल आने पर बिना किसी समस्या के भी उनसे मिलने आएं, ताकि आपसी संवाद के जरिए समाज के लिए बेहतर काम किया जा सके।
विवाद बढ़ने पर जब मीनाक्षी सिंह से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया तो बताया गया कि मीनाक्षी सिंह की हाल ही में सर्जरी हुई है और वे इस समय दिल्ली में हैं, इसलिए फिलहाल बयान नहीं दे सकतीं।
गौरतलब है कि मीनाक्षी सिंह प्रमोशन के जरिए आईएएस बनी हैं और वर्तमान में आदिम जनजाति विभाग में उपसचिव के पद पर कार्यरत हैं। वे अजाक्स से भी सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं।






