अमेठी
रामगंज क्षेत्र के नरहरपुर गांव में शनिवार को ग्राम समाज की सुरक्षित भूमि पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों ने विरोध करते हुए पथराव कर दिया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इस घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि कई ग्रामीणों को भी चोटें आईं। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नरहरपुर गांव में करीब पांच बिस्वा भूमि सुरक्षित खाते में दर्ज है, जिसका उपयोग पशुओं के शव निस्तारण के लिए किया जाता है। आरोप है कि कुछ लोगों ने इस भूमि पर कब्जे की नीयत से पहले मिट्टी डालकर चबूतरा बनाया और उस पर अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी।
ग्रामीणों की शिकायत पर नायब तहसीलदार अजय सिंह राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे और भूमि की पैमाइश कराई। जांच में उक्त जमीन सुरक्षित श्रेणी की पाई गई। इसके बाद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते हुए चबूतरा हटवा दिया और पूरी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।






