लक्ष्मीपुर महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के राजस्व ग्राम सेमरा महाराज में पोखरी की जमीन पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ मंगलवार को प्रशासन ने कार्रवाई की। राजस्व टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध कब्जा हटाकर सार्वजनिक उपयोग की भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सेमरा स्थित गाटा संख्या 554, रकबा 0.049 हेक्टेयर भूमि राजस्व अभिलेखों में पोखरी के रूप में दर्ज है। उक्त भूमि पर अवैध कब्जे के मामले में पारित बेदखली आदेश दिनांक 4 जून 2026 के अनुपालन में कार्रवाई की गई। कब्जाधारियों को पूर्व में नोटिस देकर अवैध कब्जा स्वयं हटाने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया था।
कार्यालय तहसीलदार फरेंदा के पत्र के अनुसार, उक्त भूमि सार्वजनिक उपयोग की भूमि के रूप में दर्ज है। पूर्व में राजस्व टीम द्वारा स्थल का सीमांकन भी किया गया था। इसके बावजूद मौके पर अवैध कब्जा पाया गया। निर्धारित अवधि में कब्जा नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने दोबारा राजस्व टीम गठित कर कार्रवाई की।
मंगलवार को राजस्व टीम और पुलिस बल की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर अवैध अतिक्रमण हटाया गया। कार्रवाई के दौरान कब्जे में पक्का मकान और टीनशेड/नाद आदि पाए गए, जिन्हें हटाकर पोखरी की भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया गया।
थाना पुरंदरपुर के थानाध्यक्ष गौरव राय कन्नौजिया ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में राजस्व टीम के साथ पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई की गई है। भूमि को अवैध अतिक्रमण से मुक्त करा दिया गया है।





