शाहजहांपुर से शार्पदृप्टि की रिपोर्ट
शाहजहांपुर में फिल्मी अंदाज में दूसरे समुदाय की प्रेमिका को जबरन साथ ले जाने वाले गांव सफ्तयारा निवासी ओमकार (30), उर्फ़ “मजनू”, की मंगलवार शाम गांव वालों ने लाठी-डंडों से इतनी पिटाई की कि जब तक पुलिस आई प्राण पखेरु उड़ गए। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण पूरे गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि खेतीबाड़ी करने वाला मजनू करीब पांच साल पहले दूसरे समुदाय की एक युवती को जबरन अपने साथ ले गया था। पुलिस ने उस वक्त युवती को बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया था, जबकि ओमकार उर्फ मजनू जेल चला गया था। हाल ही में वह जमानत पर बाहर आया था। मंगलवार शाम करीब छह बजे ओमकार उर्फ मजनू अपनी प्रेमिका को फिल्मी स्टाइल में ले जाना चाहता था। तभी कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से इतनी पिटाई की कि जब तक पुलिस आती उसके प्रांण पखेरु उड़ गए। आरोपी वारदात के बाद फरार हो गए। सूचना मिलते ही एसपी राजेश द्विवेदी, सीओ सदर प्रयांक जैन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को घटनास्थल से तीन गिलास और शराब की एक बोतल मिली है। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा और आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगा दी गई हैं। हर पहलू से जांच की जा रही है।





