गोरखपुर से शार्पदृष्टि की रिपोर्ट
गोरखपुर में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने और नो पार्किंग जोन पर अंकुश लगाने के को लेकर गोरखपुर विकास प्राधिकरण के राप्ती सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्धन ने किया। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था, पार्किंग की समस्या और छठ पर्व को लेकर ट्रैफिक प्रबंधन की समीक्षा करते हुए उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को स्पष्ट और कड़े दिशा-निर्देश दिए।जीडीए उपाध्यक्ष ने कहा कि शहर की सड़कों पर ट्रैफिक जाम और अव्यवस्था का सबसे बड़ा कारण सड़कों के किनारे खड़ी गाड़ियां हैं।उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि रोड के किनारे बने मकानों के वाहन किसी भी हालत में सड़क पर खड़े नहीं किए जाएंगे। सभी मकान मालिक, अस्पताल,अपार्टमेंट और व्यावसायिक प्रतिष्ठान अपने वाहनों की पार्किंग निर्धारित स्थान पर ही करें।उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्ति या संस्था ने नाले के ऊपर किसी प्रकार का अवैध निर्माण या कब्जा किया है तो उसे तत्काल हटवाया जाए। ऐसे अतिक्रमण शहर की सुंदरता और यातायात दोनों के लिए खतरा हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी अस्पताल या अपार्टमेंट में पार्किंग स्थल पर यदि मेडिकल स्टोर या अन्य व्यावसायिक गतिविधि संचालित हो रही है,तो उसे तुरंत बंद कराया जाए।उपाध्यक्ष ने एक सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा,“डॉक्टरों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके पास आने वाले मरीजों के पास पार्किंग रसीद हो। यदि मरीज के पास पार्किंग रसीद नहीं है,तो डॉक्टर उसे देखने से इनकार करें।उन्होंने कहा कि शहर में बिना पार्किंग की सुविधा के कोई भी अस्पताल,अपार्टमेंट या व्यावसायिक भवन संचालित नहीं हो सकेगा।यदि जांच के दौरान किसी अस्पताल या अपार्टमेंट में यह नियम उल्लंघन पाया गया तो उसे सील कर दिया जाएगा।







