लक्ष्मीपुर से श्रीनरायन गुप्ता
बकाया पारिश्रमिक, नियमितीकरण तथा रात्रि ड्यूटी के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में ठहरने की सुविधा की मांग को लेकर लक्ष्मीपुर ब्लॉक की आशा कार्यकर्ताओं ने सोमवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ कार्य कर रही हैं, लेकिन उन्हें अब तक उनका उचित मानदेय और सुविधाएँ नहीं मिल पा रही हैं।
धरने पर बैठी आशा बहुओं ने बताया कि महीनों से पारिश्रमिक का भुगतान नहीं हुआ है, जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द बकाया भुगतान किया जाए, सेवाओं का नियमितीकरण हो और रात्रि ड्यूटी के दौरान सीएचसी में ठहरने की उचित व्यवस्था की जाए।
आशा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी जायज़ मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान आशा यूनियन की पदाधिकारियों ने भी धरने में हिस्सा लेकर कार्यकर्ताओं का समर्थन किया। धरना स्थल पर ‘न्याय दो, सम्मान दो’ जैसे नारे लगाते हुए आशाओं ने सरकार से अपनी समस्याओं के शीघ्र समाधान की अपील की।इस दौरा रेनू पाण्डेय,जमीला खातून,चित्रकान्ती,सुशीला,मनोरमा,कंचनलता पाण्डेंय,सुमन देवी,कल्याणी चौहान,सुधा जायसवाल सहित भारी संख्या में आशा मौजूद रही।







