झांसी से शाद्पदृष्टि की रिपोर्ट
झांसी में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब एलआईसी के 30 वर्षीय अधिकारी की क्रिकेट खेलते समय अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। सीपरी बाजार के नालगंज निवासी रविन्द्र अहिरवार बुधवार को छुट्टी के दिन जीआईसी मैदान में अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलने पहुंचे थे।
खेल के दौरान रविन्द्र ओवर की तीसरी गेंद फेंक रहे थे, तभी अचानक मैदान पर गिर पड़े। साथियों ने उन्हें संभाला और पानी पिलाया, लेकिन पानी पीते ही उल्टी होने लगी। तुरंत एंबुलेंस बुलाई गई और रविन्द्र को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। छोटे भाई अरविंद ने बताया कि रविन्द्र क्रिकेट के शौकीन थे और अक्सर समय मिलने पर खेलते थे। परिवार में पिता राजमिस्त्री हैं, जबकि बड़ा भाई गुजरात की एक कंपनी में काम करता है। रविन्द्र दो साल पहले एलआईसी में विकास अधिकारी के पद पर नियुक्त हुए थे और उनकी शादी की तैयारी चल रही थी। कुछ समय पहले उन्होंने अपना पूरा बॉडी चेकअप कराया था, जिसमें सभी रिपोर्ट सामान्य थीं। सीपरी बाजार थाना प्रभारी विनोद मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला तबीयत बिगड़ने से मौत का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिससे मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।





