गाजीपुर की रिपोर्ट
जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के पोस्ता गंगा घाट पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। अंतिम संस्कार में शामिल होने आए तीन किशोर गंगा स्नान के दौरान गहरे पानी में डूब गए। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। एक घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद तीनों किशोरों का कुछ पता नहीं चल सका है। शहर कोतवाल महेंद्र सिंह ने बताया कि गोताखोरों की मदद से नदी के विभिन्न हिस्सों में तलाश जारी है।
रजागंज चौकी प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि तीनों लड़के बहादुरगंज कस्बे के रहने वाले हैं। वे एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार में शामिल होने परिजनों के साथ गाजीपुर आए थे। इसी दौरान तीनों बिना बताए गंगा में नहाने चले गए, जहां यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि डूबने वाले किशोरों की पहचान आदित्य जायसवाल (15), कुंदन मौर्य (17) और हिमांशु मद्देशिया के रूप में हुई है। गोताखोरों की टीम नावों और रस्सियों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। स्थानीय गोताखोर भी प्रशासन की मदद कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिल सकी है।




