सहारनपुर
शुक्रवार सुबह गागलहेड़ी क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत हो गई। सैयद माजरा गांव का परिवार कार से किसी रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहा था। गांव से कुछ दूरी पर अचानक तेज रफ्तार और बेकाबू डंपर कार पर पलट गया, जिससे कार पूरी तरह पिचक गई और उसमें सवार सभी लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और हंगामा करने लगे। भीड़ ने अधिकारियों को तुरंत बुलाने की मांग की।
सूचना मिलते ही सीओ सदर, थाना प्रभारी और यातायात पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की सहायता से डंपर और कार को हटवाकर यातायात बहाल कराया।
मरने वालों में महेंद्र सैनी, उनकी पत्नी रानी देवी, बेटा संदीप (24), बेटी जूली (27), 4 वर्षीय पोता, दामाद शेखर कुमार (28) और महेंद्र की साली का बेटा विपिन (20) शामिल हैं। सभी मोहद्दीपुर के रहने वाले थे। संदीप सैनी पूर्व मंत्री डॉ. धर्म सिंह सैनी के भाई के अस्पताल में फार्मासिस्ट के रूप में कार्यरत था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने और घायलों के उचित उपचार के निर्देश दिए।





