नई दिल्ली
संसद का शीतकालीन सत्र 2025 आज सोमवार, 1 दिसंबर से शुरू हो गया है। यह सत्र 19 दिसंबर तक चलेगा। इसके एक दिन पहले, केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजीजू द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में सदन को सुचारु रूप से चलाने पर चर्चा हुई। सरकार ने सहयोग की अपील की, वहीं विपक्ष ने कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। सूत्रों के अनुसार, विपक्ष SIR मुद्दे पर सरकार से विस्तृत जवाब की मांग करेगा। इस सत्र में सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश करने की तैयारी में है।
लोकसभा की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित :
शीतकालीन सत्र की शुरुआत के साथ ही लोकसभा में विपक्षी दलों का हंगामा शुरू हो गया। SIR मुद्दे को लेकर विपक्ष ने जोरदार नारेबाजी की, जिसके चलते सदन की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
राज्यसभा में खड़गे के बयान पर तकरार
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने नए सभापति सीपी राधाकृष्णन का स्वागत करते हुए कहा कि उनका नाम देश के पूर्व उपराष्ट्रपति सर्वपल्ली राधाकृष्णन से मिलता है, और उम्मीद जताई कि वे उनके सिद्धांतों का भी पालन करेंगे। उन्होंने हल्के तंज में कहा कि आसन पर बैठते समय सभापति “एक तरफ ज्यादा” न देखें और दोनों पक्षों के साथ “संतुलन” बनाए रखें। खड़गे के इस टिप्पणी पर सदन में हल्की खलबली देखने को मिली। सत्र की शुरुआत ने ही संकेत दे दिए हैं कि आने वाले दिनों में सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस और टकराव देखने को मिल सकता है।





