लखनऊ
पुलिस ने शिया समुदाय की धार्मिक आस्था से जुड़े बहुचर्चित ईरानी नस्ल के घोड़े ‘ज़ुल्जना’ (दुलदुल) को सुरक्षित बरामद कर लिया है। यह घोड़ा लखनऊ के कर्बला तालकटोरा क्षेत्र से चोरी हो गया था, जिसे बाद में उन्नाव जिले के मौरावां इलाके से बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, ज़ुल्जना मुहर्रम के दौरान शिया समुदाय के जुलूसों में शामिल किया जाता है और इसका धार्मिक महत्व अत्यंत संवेदनशील है। घोड़े की चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घोड़े को सकुशल बरामद कर लिया।
इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिससे पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने घोड़े को बेचने की नीयत से चोरी किया था। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस चोरी में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं।
घोड़े की सुरक्षित बरामदगी के बाद शिया समुदाय के लोगों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की तत्परता की सराहना की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है।





