लखनऊ
एरा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, लखनऊ के 15 डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही और धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि फरवरी 2023 में की गई सर्जरी के दौरान डॉक्टरों ने महिला के पेट में सर्जिकल औजार छोड़ दिया, जिससे वह करीब ढाई साल तक असहनीय दर्द से जूझती रही।
पीड़िता के अनुसार, सर्जरी के बाद से ही पेट में लगातार दर्द बना रहा। बार-बार अस्पताल जाने पर डॉक्टरों ने जांच के बजाय पेन किलर दवाएं दीं और इलाज के नाम पर उससे पैसे वसूलते रहे। दर्द बढ़ने पर जब उसने दूसरे अस्पताल में जांच कराई, तब पेट के भीतर सर्जिकल औजार होने की पुष्टि हुई।
मामले के सामने आने के बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच के आधार पर लापरवाही, धोखाधड़ी और आपराधिक कृत्य की धाराओं में 15 डॉक्टरों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।






